बुलंदशहर /खुर्जा | KRJ News
बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। खुर्जा के गांव खबरा निवासी ओलंपियन रोइंग खिलाड़ी अरविंद सिंह को देश के सर्वोच्च खेल सम्मानों में से एक अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

अर्जुन अवार्ड मिलने के बाद जब अरविंद सिंह अपने गृह जनपद खुर्जा पहुंचे तो पूरा क्षेत्र उनके स्वागत में उमड़ पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, शिक्षक, छात्र और ग्रामीण अरविंद के स्वागत के लिए पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल-मालाओं और नारेबाजी के बीच अरविंद का भव्य स्वागत किया गया।
मेहनत-मजदूरी से अर्जुन अवार्ड तक का सफर
अरविंद सिंह का सफर किसी प्रेरणा से कम नहीं है। बेहद साधारण परिवार से आने वाले अरविंद ने बचपन में मेहनत-मजदूरी भी की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने सपने को टूटने नहीं दिया। रोइंग जैसे कठिन खेल में उन्होंने दिन-रात पसीना बहाया और धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई।

अरविंद ने टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसके साथ ही एशियन गेम्स में भी उन्होंने रोइंग के जरिए देश का नाम रोशन किया। उनकी लगातार मेहनत, अनुशासन और जज्बे ने ही उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।
कैलाश हॉस्पिटल में हुआ सम्मान
पूर्व केंद्रीय मंत्री व गौतम बुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा के प्रतिनिधि तथा कैलाश हॉस्पिटल खुर्जा निदेशक ठाकुर सत्यप्रकाश सिंह ने अरविंद सिंह का जोरदार स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने अरविंद को मिठाई खिलाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

गांव खबरा में जश्न का माहौल
अर्जुन अवार्ड की खबर मिलते ही गांव खबरा में जश्न का माहौल बन गया। गांव के हर घर में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि अरविंद ने सिर्फ अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे खुर्जा, बुलंदशहर और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि अरविंद बचपन से ही मेहनती और अनुशासित रहे हैं। आज उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बन गई है।
परिवार भी कर रहा देश सेवा
अरविंद के परिवार का देश सेवा से गहरा नाता है। अरविंद के बड़े भाई भी भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे हैं। एक भाई सीमा पर देश की रक्षा कर रहा है तो दूसरा भाई खेल के मैदान में देश का तिरंगा लहरा रहा है। यही वजह है कि पूरे क्षेत्र के लोग इस परिवार पर गर्व कर रहे हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा
स्वागत समारोह के दौरान अरविंद सिंह ने युवाओं को संदेश दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उन्होंने कहा कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो गांव से निकलकर भी ओलंपिक और अर्जुन अवार्ड तक पहुंचा जा सकता है।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अरविंद की इस उपलब्धि से खुर्जा के युवाओं में खेलों के प्रति नया जोश और उत्साह पैदा होगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










