सुनील पाठक, गोरखपुर
गोरखपुर : 16 / नवंबर / 2026 : किडनी (गुर्दे) की बीमारियां आज तेजी से गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बनती जा रही हैं। शुरुआती चरणों में स्पष्ट लक्षण सामने नहीं आने के कारण अधिकांश मरीजों को बीमारी का पता तब चलता है, जब किडनी काफी हद तक प्रभावित हो चुकी होती है। यही वजह है कि किडनी रोगों को ‘साइलेंट किलर’ कहा जाता है। नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर पहचान और उचित उपचार के माध्यम से इस बीमारी की गंभीरता एवं बढ़ते बोझ को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

इन्हीं महत्वपूर्ण विषयों पर चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा जानकारी उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विशेषज्ञताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से स्टार हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, गोरखपुर एवं ग्लोम्स डायलिसिस केयर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 14 नवंबर 2026 को सरोवर पोर्टिको, गोरखपुर में एक विशेष कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें गोरखपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लगभग 60 चिकित्सकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अनिंद्य बिस्वास (DNB – नेफ्रोलॉजी), सीनियर कंसल्टेंट एवं विभागाध्यक्ष, शांति मुकुंद हॉस्पिटल, नई दिल्ली ने किडनी रोगों के बढ़ते मामलों, उनके कारणों, शुरुआती लक्षणों, जांच एवं आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. बिस्वास ने बताया कि डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर किडनी खराब होने के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। इन बीमारियों से पीड़ित लोगों को नियमित रूप से किडनी की जांच करानी चाहिए। पेशाब में झाग या खून आना, पैरों एवं चेहरे पर सूजन, पेशाब की आदतों में बदलाव तथा लगातार थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान होने पर उचित उपचार के माध्यम से किडनी को होने वाले नुकसान की गति को कम किया जा सकता है और मरीजों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सकती है।
बेहतर मरीज सेवा के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों में समन्वय जरूरी
कार्यक्रम के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि किडनी रोगों का प्रभावी प्रबंधन केवल नेफ्रोलॉजिस्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जनरल फिजिशियन, कार्डियोलॉजिस्ट, सर्जन एवं नेफ्रोलॉजिस्ट के बीच बेहतर तालमेल, समय पर रेफरल और मरीज की स्थिति के अनुसार उपचार की उचित योजना बेहद आवश्यक है।
डॉ. बिस्वास ने कहा कि किडनी की बीमारी का असर शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों पर भी पड़ सकता है। इसलिए सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों को आपसी सहयोग के साथ कार्य करना चाहिए, जिससे बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान, प्रभावी उपचार और बेहतर स्वास्थ्य परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।
इस शैक्षणिक कार्यक्रम में डॉ. वजाहत करीम (सीनियर लेप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. विरेश गुप्ता (MD – जनरल मेडिसिन) एवं डॉ. नवनीत जयपुरियार (DM – कार्डियोलॉजी) चेयरपर्सन के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने किडनी रोगों की रोकथाम, शीघ्र निदान, उपचार की नवीनतम तकनीकों एवं मरीजों के बेहतर प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में डॉ. हर्षवर्धन राय,
डॉ अर्चना गुप्ता,डॉ एस एम सिन्हा, डॉ अमृता जयपुरियार, डॉ सुधीर , डॉ. अभिषेक यादव, डॉ. रविंद्र तिवारी, डॉ. पी.सी. साही एवं डॉ. आसिफ शकील सहित अनेक प्रतिष्ठित चिकित्सकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. सुरिता करीम ने उपस्थित सभी चिकित्सकों, अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर ज्ञान-वर्धन, आपसी संवाद एवं विशेषज्ञों के सहयोग से ही मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
आयोजकों ने कहा कि CME जैसे शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सा जगत में नवीनतम जानकारियों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन न केवल चिकित्सकों के पेशेवर ज्ञान को समृद्ध करते हैं, बल्कि विभिन्न विशेषज्ञताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी सहायक होते हैं।
स्टार हॉस्पिटल एवं ग्लोम्स डायलिसिस केयर ने भविष्य में भी चिकित्सा शिक्षा, जागरूकता एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










