गाजियाबाद : 21 / नवंबर / 2026 : विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत मतदाता सूची को बेहतर और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से मोदीनगर की उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कोमल पंवार ने शनिवार को विशेष अभियान दिवस पर विभिन्न मतदान बूथों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने बूथ स्तरीय अधिकारियों को बीएलओ ऐप में किए गए नए बदलावों और उनसे संबंधित सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। कोमल पंवार ने ऐप में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत जोड़ी गई मतदाता फोटो गुणवत्ता जांच और गलत प्रविष्टियों में सुधार संबंधी सुविधाओं के बारे में बताया।

उन्होंने बीएलओ को इन सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता सूची में खराब गुणवत्ता वाले फोटो की पहचान कर उन्हें बेहतर बनाया जा सके और गलत या त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को दुरुस्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक मतदाता का विवरण सही होना आवश्यक है।
इसके लिए सभी बीएलओ ऐप के माध्यम से उपलब्ध नई सुविधाओं का उपयोग करते हुए पुनरीक्षण कार्य को प्राथमिकता दें। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी आवश्यक संशोधन पूरी सावधानी के साथ किए जाएं। साथ ही उन्होंने पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










