बुलंदशहर : 19 / अगस्त / 2025 : बुलंदशहर के काला आम चौराहे से स्याना अड्डा चौराहे तक मुख्य सड़क में होने वाले गड्ढों से दो लाख से अधिक लोगों को परेशानी हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि सड़कों के गड्ढों के कारण न केवल हादसे हो रहे हैं, बल्कि व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। अभी तक नगर विकास विभाग की ओर से सड़क हैंडओवर को स्वीकृति नहीं दी है। नगर पालिका क्षेत्र में मुख्य सड़कों की स्थिति लगातार जर्जर हो रही है। इन सड़कों के निर्माण पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च होने हैं। जबकि नगर पालिका अधिकतम 40 लाख रुपये ही खर्च कर सकती है। ऐसे में करीब छह माह पहले नगर पालिका अधिकारियों ने नगर के काला आम से स्याना अड्डा रोड को हैंडओवर करने के लिए पत्र लिखा था। नगर पालिका अधिकारियों ने नगर विकास विभाग को पत्र लिखकर सड़क हैंडओवर के लिए अनुमति मांगी थी लेकिन अभी तक शासन स्तर से इसकी अनुमति नहीं दी गई है। स्थिति यह है कि बारिश के बाद अब फिर से सड़क में गड्ढे हो गए हैं। काली नदी रोड निवासी राशिद ने बताया कि बाजार से आने जाने के दौरान लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। अधिकारी समस्या के समाधान की बात करते हैं लेकिन वर्षों से सड़क की हालत खराब है। कृष्णा नगर निवासी सूरज कुमार ने बताया कि सड़क पर छोटे वाहनों के साथ ई-रिक्शा चालकों को अधिक परेशानी हो रही है लेकिन नगर पालिका और प्रशासन को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी डाॅ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण की लागत अधिक है जिसके चलते इस सड़क को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जाना है। शासन स्तर से इसकी स्वीकृति के लिए संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












