बुलंदशहर : 6 / जनवरी / 2026 : आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति की अध्यक्षता में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) श्री अभिषेक कुमार ने जानकारी दी कि आज विशेष गहन पुनरीक्षण (एस0आई0आर0) का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसके क्रम में आलेख्य प्रकाशन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त कर लें। साथ ही यह भी बताया कि एम0एल0सी0 स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची भी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति ने बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं अथवा जो नए मतदाता बनना चाहते हैं, वे फॉर्म-6 भरकर संबंधित बी0एल0ओ0 को जमा करें, जिससे उन्हें मतदाता सूची में सम्मिलित किया जा सके। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित दावा एवं आपत्तियाँ ए0ई0आर0ओ0 को प्रस्तुत की जा सकती हैं, जिनका निस्तारण समयबद्ध रूप से किया जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि आज से विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान प्रारंभ हो रहा है तथा समस्त राजनीतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बी0एल0ए0) की नियुक्ति अवश्य करें, ताकि निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति द्वारा समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की एक-एक मतदाता सूची एवं संपूर्ण जनपद की मतदाता सूची पेन ड्राइव के माध्यम से वितरित की गई। बैठक में यह भी बताया गया कि एस0आई0आर0 के दौरान जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उन्हें आज से नोटिस प्राप्त होना प्रारंभ हो जाएगा। ऐसे मतदाता अपने आवश्यक दस्तावेज संबंधित बी0एल0ओ0 को उपलब्ध कराकर मतदाता सूची में अपना नाम सुरक्षित रख सकते हैं।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












