Home » उत्तर प्रदेश » खुरजा नगर मे संघ के द्वारा आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में उमड़ा जनसेलाब

खुरजा नगर मे संघ के द्वारा आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में उमड़ा जनसेलाब

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा/ 20 जनवरी 2026। नगर की शिवाजी बस्ती में आज प्रातः 11 बजे पॉलीटेक्निक मैदान पर विशाल हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारम्भ भारत माता के दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसे मुख्य अतिथि अनन्त श्री विभूषित महामंडलेश्वर स्वामी महेशानन्द गिरि जी महाराज (जूना अखाड़ा), श्रीमान अनिल जी (प्रान्त प्रचारक, मेरठ प्रान्त), विशिष्ट अतिथि डॉ. अर्चना प्रिय आर्य (प्रखर हिन्दू वक्ता) एवं कार्यक्रम अध्यक्ष श्री राहुल राठी जी ने संयुक्त रूप से किया।

 

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर किया। अपने बौद्धिक उद्बोधन में प्रान्त प्रचारक श्रीमान अनिल जी ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हिन्दू समाज के आत्मबोध, संगठन और पुनर्जागरण का पवित्र संकल्प है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हिन्दू समाज कोई संकीर्ण पहचान नहीं, बल्कि सनातन जीवन-दृष्टि है, जो वसुधैव कुटुम्बकम् का संदेश देती है। जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बाँटने के प्रयासों से सावधान रहने का आह्वान करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में प्रस्तुत पंच परिवर्तन—स्व का बोध, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और परिवार प्रबोधन—को राष्ट्र निर्माण की सशक्त कार्ययोजना बताया।

 

मुख्य अतिथि स्वामी महेशानन्द गिरि जी महाराज ने अपने ओजस्वी बौद्धिक में कहा कि हिन्दू सभ्यता विश्व की प्राचीनतम और जीवन-मूल्यों से परिपूर्ण सभ्यता है। समाज की शक्ति एकता में निहित है; जाति-पाँति और स्वार्थ ने जब-जब स्थान पाया, तब-तब समाज कमजोर हुआ। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने इतिहास, महापुरुषों और सनातन परम्परा को समझें, नशा व नकारात्मकता से दूर रहकर सेवा, साधना और संगठन के मार्ग पर चलें। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन हिन्दू चेतना को जाग्रत करने का अभियान है, जो संस्कारों को सुदृढ़ कर राष्ट्रबोध को जाग्रत करता है।

 

विशिष्ट अतिथि डॉ. अर्चना प्रिय आर्य ने कहा कि यह हिन्दू सम्मेलन हिन्दू चेतना, आत्मसम्मान और राष्ट्रबोध का उद्घोष है। हिन्दू होना एक संस्कार और कर्तव्य है—जो सत्य के साथ खड़ा होता है और राष्ट्र को सर्वोपरि मानता है। उन्होंने आन्तरिक उदासीनता और विभाजन को सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए समाज को सशक्त और मुखर बनने का संदेश दिया। उनका स्पष्ट आह्वान रहा—“हिन्दू जागेगा, राष्ट्र अडिग होगा।” कार्यक्रम का समापन हिन्दू एकता, संगठन और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ हुआ। सम्मेलन में सर्व हिन्दू समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन ऐतिहासिक और प्रेरणास्पद बना।

“लव जिहाद गलत, राष्ट्रविरोधियों का डटकर करें मुकाबला”, स्वामी महेशानंद गिरी

खुरजा। खुर्जा के पॉलीटेक्निक में आयोजित हुई हिंदू सम्मेलन में पधारे स्वामी महेशानंद गिरी ने मीडिया से वार्ता करते हुए लव जिहाद, आरक्षण और राष्ट्रवाद जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने लव जिहाद को कानून और धर्म दोनों के विरुद्ध बताते हुए कहा कि ऐसी मानसिकता राष्ट्रहित में नहीं है। लव जिहाद पर स्वामी जी ने कहा कि लव जिहाद जैसी गतिविधियों के पीछे यदि धर्म परिवर्तन या किसी का चरित्र हनन करने की मानसिकता है, तो यह पूरी तरह से गलत है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी देशवासी राष्ट्र के प्रति वफादार रहें और अपनी राष्ट्रीयता तथा हिंदुत्व को पहचानते हुए राष्ट्र विरोधियों का संगठित होकर मुकाबला करें।

आरक्षण और शिक्षा आरक्षण के मुद्दे पर स्वामी महेशानंद गिरी ने स्पष्ट किया कि समाज के हर गरीब व्यक्ति को, चाहे वह किसी भी जाति या वर्ग का हो, आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, “गरीबों को उनका हक मिलना ही चाहिए।” साथ ही, उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उच्च पदों पर योग्य एवं शिक्षित युवाओं की नियुक्ति पर जोर देते हुए कहा कि न्याय, शासन, प्रशासन और वैज्ञानिक संस्थानों में उच्च शिक्षित बच्चों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जातिगत विभेद पर प्रहार

जातिवाद पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि समाज को जातियों में नहीं बंटना चाहिए। उन्होंने यूजीसी (UGC) के हालिया नियमों और अन्य जातिगत कानूनों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने अभी इनका पूरा अध्ययन नहीं किया है, लेकिन वे समाज की एकता के पक्षधर हैं।

इस अवसर पर शिवाजी बस्ती के स्थानीय लोग और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने स्वामी जी के विचारों का जोरदार स्वागत किया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment