उत्तर प्रदेश : 4 / अप्रैल / 2026 : उत्तर प्रदेश में आज से मौसम अचानक करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 72 घंटे तक सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी में शुक्रवार को ही असर दिखने लगा। नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर समेत कई इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई। अब इसका असर मध्यांचल और पूर्वांचल तक पहुंचने की संभावना है।
प्रदेश के करीब 35 जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। पश्चिमी यूपी, बुंदेलखंड और आसपास के जिलों में ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने जिन जिलों में ओलावृष्टि और तेज आंधी की आशंका जताई है, उनमें नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, झांसी, बांदा, हमीरपुर और आसपास के इलाके शामिल हैं। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में भी शाम तक तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
राजधानी लखनऊ में भी शनिवार को मौसम बदलने के संकेत हैं। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिणी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है। इसी वजह से प्रदेश में गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन तेज हवाओं और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान हो सकता है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












