डिबाई / ०४ अप्रैल २०२६ : नगर के ऐतिहासिक श्री रामलीला मैदान से आज सहस्र महाचंडी महायज्ञ एवं श्री राम कथा के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दिव्य आयोजन में लगभग 1100 श्रद्धालु माताओं एवं बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कलश यात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्री रामलीला मैदान से हुआ। यात्रा महादेव चौराहा, घंटाघर, होलीगेट होते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों एवं जयकारों के साथ नगर का वातावरण गुंजायमान कर दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
इस भव्य शोभा यात्रा की विशेषता यह रही कि विभिन्न स्थानों से पधारे सैकड़ों की संख्या में दंडी स्वामी भी इसमें शामिल हुए। उनके सानिध्य और वैदिक परंपराओं की गरिमा ने आयोजन को और अधिक दिव्य एवं आध्यात्मिक बना दिया।
इस अवसर पर शोभा यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कुमार सिंघल, भूपेंद्र कुमार (कोल्ड स्टोर), रूप किशोर (टाल वाले), श्री कृष्ण बजाज एजेंसी, विकास वार्ष्णेय (पेट्रोल पंप), सुभाष चंद्र सिंघल (एडवोकेट), उमेश वार्ष्णेय “पापा”, बिटोन वार्ष्णेय, विजय (दानगढ़ वाले), नरेश चंद्र (टाल वाले), विनोद कुमार खन्ना, चंद्रप्रभा वार्ष्णेय, डॉ. विनीत पालीवाल सहित सैकड़ों धर्मप्रेमी व्यवस्था में जुटे रहे।

वहीं कार्यक्रम की सुरक्षा एवं व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय रहा। पुलिस विभाग की ओर से सोमनाथ राय एवं चौकी इंचार्ज विशाल प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाले रखा।
इस अवसर पर संतों के सानिध्य में आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे मार्ग में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
आगामी कार्यक्रम इस प्रकार रहेंगे:
05 अप्रैल से 11 अप्रैल तक 21 कुंडीय सहस्र महाचंडी महायज्ञ एवं श्री राम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन कथा व्यास द्वारा रामकथा का रसपान कराया जाएगा।
सायंकाल 6:30 बजे काशी की तर्ज पर भव्य आरती का आयोजन होगा।
11 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ विशाल प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन महायज्ञ एवं कथा का लाभ लेने की अपील की है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












