बुलंदशहर : 29 / अप्रैल / 2026 : बुलंदशहर के बुगरासी क्षेत्र में पत्नी की हत्या के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना नरसेना पुलिस ने चेकिंग के दौरान आरोपी को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, नरसेना-यूनिसपुर मार्ग पर राजबाहे के पास यात्री शेड के निकट पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर दबे पांव चलने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम कृष्ण कुमार पुत्र जगत सिंह, निवासी फरीदा बांगर (चौकी बुगरासी) बताया।

पुलिस के मुताबिक, कृष्ण कुमार ने चार दिन पहले शराब के नशे में अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। गंभीर हालत में महिला को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 28 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
![]()
