जहांगीराबाद : 29 / मई / 2026 : समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। पूर्व विधायक एवं सपा के वरिष्ठ नेता चौधरी होशियार सिंह ने अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के साथ चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौधरी होशियार सिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना पूरा जीवन किसान, मजदूर और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब सच्चे मायनों में किसानों के मसीहा थे, जिन्होंने गांव, गरीब और खेती-किसानी के मुद्दों को देश की राजनीति में प्रमुखता दिलाई।

उन्होंने कहा कि आज के समय में चौधरी चरण सिंह की नीतियों और विचारधारा को अपनाने की आवश्यकता है, ताकि किसान और ग्रामीण समाज को मजबूत बनाया जा सके। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज सेवा करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में राजपाल लोधी, धीरेन्द्र राणा, हसीन सैफी, नन्हें सैनी, रघुराज प्रताप जाटव, विनोद सैनी, खन्ना प्रजापति, चौ. बनी सिंह, वसीम सैफी, विकास चौधरी और आकाश चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।
![]()
