खुर्जा : 9 / सितम्बर / 2026 : थाना खुर्जा नगर पुलिस ने पैसे दोगुने करने का झांसा देकर टप्पेबाजी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 8 हजार रुपये नकद, अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की होंडा शाइन बाइक बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खुर्जा नगर पुलिस ने कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक रामफल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कलंदरगढ़ी रेलवे अंडरपास के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपाल पुत्र प्रकाश, निवासी छाईंसा, थाना छाईंसा, जिला फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी ने 17 अगस्त 2026 को खुर्जा नगर क्षेत्र में एक महिला को रुपये दोगुने करने का लालच देकर टप्पेबाजी की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में पीड़ित की तहरीर पर थाना खुर्जा नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद होने पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










