आढ़ती संघ अध्यक्ष ने किसानों और व्यापारियों को दी योजना की जानकारी, 12 सितंबर तक आवेदन का मौका
शिकारपुर : 10 / सितम्बर / 2026 : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र युवक-युवतियों तक पहुंचाने के लिए आढ़ती संघ के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने किसानों और व्यापारियों से संपर्क कर उन्हें योजना के प्रति जागरूक किया। गुरुवार को उन्होंने अनाज मंडी में किसानों एवं व्यापारियों से मुलाकात कर योजना की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।
पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि बुलंदशहर में 16 सितंबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रस्तावित है। योजना के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 12 सितंबर निर्धारित की गई है। उन्होंने पात्र परिवारों से अंतिम तिथि से पहले आवेदन कराने की अपील की।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए युवती के माता-पिता की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम होनी चाहिए। आवेदन के लिए युवती एवं माता-पिता के आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्र अथवा जन्म प्रमाणपत्र, बैंक खाते का विवरण और फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।
वर पक्ष के लिए युवक का आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्र अथवा जन्म प्रमाणपत्र, फोटो तथा माता-पिता के आधार कार्ड आवश्यक होंगे। ऑनलाइन आवेदन के बाद संबंधित दस्तावेज खंड विकास कार्यालय में जमा कराने होंगे।
आढ़ती संघ अध्यक्ष ने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र जोड़ों का निःशुल्क सामूहिक विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराया जाता है। इसके अलावा नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता, विवाह प्रमाणपत्र तथा गृहस्थी के लिए आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने किसानों, व्यापारियों और क्षेत्र के पात्र परिवारों से अपील की कि वे योजना की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कराकर योजना का लाभ उठाएं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










