शिकारपुर : 10 / सितम्बर / 2026 : देश की सीमा पर तैनात एक सैनिक के साथ घर पर सोलर प्लांट लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित सैनिक का आरोप है कि तीन लाख रुपये का भुगतान लेने के बाद निर्धारित क्षमता के अनुरूप सोलर प्लेटें नहीं लगाई गईं और अब अतिरिक्त रकम की मांग की जा रही है।
तहसील क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी रघुराज सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह भारतीय सेना में कार्यरत हैं। उन्होंने घर पर पांच किलोवाट का सोलर प्लांट लगवाने के लिए जे.ए.एस. ट्रेडर्स के संचालक वरुण और बिचौलिए पहाड़पुर गांव के प्रधान जोनी को काम दिया था। आरोप है कि इसके एवज में उन्होंने संबंधित खाते में चेक के माध्यम से तीन लाख रुपये का भुगतान किया।

पीड़ित का आरोप है कि पांच किलोवाट के प्लांट के बजाय दो अलग-अलग प्रकार की घटिया सोलर प्लेटें लगा दी गईं। साथ ही प्लांट का कोई आधिकारिक पंजीकरण भी नहीं कराया गया। अब कथित तौर पर तीन अन्य सोलर प्लेटों के नाम पर 68 हजार रुपये अतिरिक्त देने का दबाव बनाया जा रहा है।
रघुराज सिंह के मुताबिक अतिरिक्त भुगतान का विरोध करने पर कथित तौर पर बिचौलिए और वेंडर ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और उन्हें धमकी भी दी गई। पीड़ित सैनिक का कहना है कि उसने मामले की शिकायत शिकारपुर कोतवाली, क्षेत्राधिकारी, उपजिलाधिकारी, एसएसपी, जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर की, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
छुट्टी की अवधि समाप्त होने के चलते सैनिक अब न्याय पाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है। मामले में शिकारपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि सैनिक की तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










