गाजियाबाद : 10 / सितम्बर / 2026 : कृषि प्रसार से जुड़े 10 कर्मचारी और अधिकारियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण दल गुरुवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए रवाना हुआ। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने हरी झंडी दिखाकर प्रशिक्षण दल की बस को रवाना किया।

दल 10 से 14 सितंबर तक श्री अन्न की उन्नत खेती, उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और पोषण संबंधी पहलुओं का प्रशिक्षण प्राप्त करेगा। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने बताया कि श्री अन्न को जलवायु अनुकूल, कम लागत वाली और पोषण की दृष्टि से महत्वपूर्ण फसल के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ प्रतिभागियों को श्री अन्न की वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी देंगे।
साथ ही विभिन्न कृषि गतिविधियों का स्थल भ्रमण भी कराया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रतिभागी जनपद में प्रशिक्षक की भूमिका निभाते हुए किसानों को श्री अन्न की वैज्ञानिक खेती की जानकारी दें।
इससे उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि में मदद मिलेगी। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार और विषय वस्तु विशेषज्ञ बिजेंद्र तोमर मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










