Home » बुलंदशहर » महेश वाटिका की जर्जर सड़क बनी मुसीबत, मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण की मांग

महेश वाटिका की जर्जर सड़क बनी मुसीबत, मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण की मांग

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा : 22 / सितम्बर / 2026 :   महेश वाटिका की मुख्य सड़क की बदहाल एवं दुर्घटनाजन्य स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों की समस्या अब मुख्यमंत्री तक पहुंच गई है। भाजपा नेता एवं खुर्जा विधानसभा क्षेत्र-70 निवासी मुकेश कुमार मासूम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र भेजकर सड़क का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ निर्माण कराने की मांग की है।

मुकेश कुमार मासूम के अनुसार महेश वाटिका के बड़ी संख्या में निवासियों ने हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र के माध्यम से सड़क की समस्या उनके संज्ञान में लाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। जगह-जगह गड्ढे और असमतल रास्ते के कारण पैदल चलने के साथ ही दोपहिया वाहनों से आवागमन भी मुश्किल हो गया है। बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ के चलते परेशानी और बढ़ जाती है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया कि सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है तथा सड़क की नाप आदि की प्रक्रिया भी कराई गई थी, लेकिन अभी तक सड़क का समुचित निर्माण नहीं हो सका।

स्थानीय लोगों ने एक हादसे का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार महेश वाटिका निवासी एवं सेना से सेवानिवृत्त लाखन बाबा खराब रास्ते के कारण गिर गए, जिससे उनके पैर की हड्डी टूट गई और उनका उपचार चल रहा है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की स्थिति को नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

मुकेश कुमार मासूम ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को सड़क का तत्काल निरीक्षण कराने के साथ आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कराकर सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही सड़क के साथ उचित नाली एवं जल निकासी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव न हो और नई सड़क दोबारा खराब न हो।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे लंबे समय से सड़क के निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अब लोगों को उम्मीद है कि शासन स्तर से हस्तक्षेप होने के बाद समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment