औरंगाबाद : 27 / सितम्बर / 2026 : रामलीला मंचन का समय नजदीक आने के बावजूद नागेश्वर महादेव शिव मंदिर मार्ग का निर्माण नहीं होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही मंदिर मार्ग जलमग्न हो जाता है और नाले का गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को गंदे पानी के बीच से होकर मंदिर पहुंचना पड़ता है।

रामलीला कमेटी और मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि मार्ग निर्माण को लेकर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इसी मार्ग से दो प्रमुख स्कूलों के बच्चे भी आवागमन करते हैं। इसके अलावा लोग इसी रास्ते से श्मशान घाट तक भी जाते हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बताया गया कि 28 सितंबर को रामलीला मैदान में भूमि पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ होगा और 4 अक्टूबर से प्रतिदिन रामलीला का मंचन किया जाएगा। आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर भी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। वहीं 8 अक्टूबर को भगवान श्रीराम की बारात, 17 अक्टूबर से मां काली की शोभायात्रा तथा 20 अक्टूबर को विजयदशमी का मेला आयोजित किया जाएगा।

रामलीला कमेटी और मंदिर कमेटी ने नगर पंचायत से मांग की है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए रामलीला मंचन शुरू होने से पहले नागेश्वर महादेव शिव मंदिर मार्ग का निर्माण एवं जल निकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









