Home » मनोरंजन » हाइटेक कॉलेज के सामने यात्री बस पर फायरिंग का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

हाइटेक कॉलेज के सामने यात्री बस पर फायरिंग का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद  : 2 / अक्टूबर / 2026 :    थाना मसूरी पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन ने 28 सितंबर 2026 को हाईटेक कॉलेज (डीएमई) के सामने दिल्ली-बदायूं मार्ग पर चलने वाली यात्री बस पर हुई फायरिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल .32 बोर, दो जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस, एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर 2026 को थाना मसूरी में जगजीत नगर, न्यू उस्मानपुर, दिल्ली निवासी मोहम्मद आरिफ ने तहरीर दी थी कि अरसलान नामक आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते उनके ड्राइवर शरीफुद्दीन और कंडक्टर तालिब को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। फायरिंग की घटना में कंडक्टर तालिब और उसके दोस्त कमरुद्दीन अंसारी को गोली लगने से गंभीर चोटें आई थीं।

तहरीर के आधार पर थाना मसूरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर 2026 को थाना मसूरी पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन की संयुक्त टीम पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 28 सितंबर की रात हाईटेक कॉलेज (डीएमई) के सामने यात्री बस पर स्कूटी सवार दो बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग की घटना में शामिल आरोपी उसी स्कूटी से हापुड़ की तरफ से भूड़गढ़ी बंबा होते हुए किसी अन्य स्थान पर जाने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भूड़गढ़ी बंबा पर सघन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद हापुड़ की तरफ से एक स्कूटी पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी से स्कूटी रोकने का इशारा किया, लेकिन स्कूटी सवारों ने रुकने के बजाय स्कूटी को मोड़कर तेज गति से भूड़गढ़ी बंबे की पटरी से निर्माणाधीन फैक्ट्री की ओर दौड़ा दिया।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देखकर स्कूटी सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस टीम ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए घायल आरोपी को मौके से पकड़ लिया, जबकि दूसरे आरोपी को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस द्वारा पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम अनस पुत्र चांद, निवासी तीसरा पुश्ता, जगजीत नगर, गली नंबर-7, मकान नंबर ई-84, थाना न्यू उस्मानपुर, दिल्ली, उम्र करीब 26 वर्ष बताया। उसके कब्जे से एक पिस्टल मय मैगजीन .32 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

दूसरे आरोपी ने अपना नाम नदीम पुत्र अनीस अंसारी, निवासी न्यू मुस्तफाबाद, नेहरू विहार, थाना दयालपुर, दिल्ली, उम्र करीब 23 वर्ष बताया। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, जिसकी नाल में एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की गई।

पुलिस ने घायल आरोपी अनस को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा फायरिंग की घटना में आरोपियों की भूमिका, वारदात के कारण और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment