Home » बुलंदशहर » मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षाविद् प्रो. डिंपल विज को पत्र भेजकर शिक्षा व्यवस्था में योगदान की सराहना की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षाविद् प्रो. डिंपल विज को पत्र भेजकर शिक्षा व्यवस्था में योगदान की सराहना की

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा  : 3 / नवंबर / 2026 :   उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुर्जा निवासी शिक्षाविद् प्रो. डिंपल विज को पत्र भेजकर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में शिक्षकों की भूमिका और उनके योगदान की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से शिक्षक समाज से अपने विचारों और अनुभवों के जरिए समाज को विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प से जोड़ने का आह्वान किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में लिखा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षक की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। शिक्षक द्वारा दिए गए ज्ञान, संस्कार और जीवन मूल्य ही अच्छे नागरिकों तथा सशक्त राष्ट्र की नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि आज के तकनीकी युग में भी विवेक, संवेदनशीलता, नैतिकता और सही-गलत का बोध कराने में शिक्षक की भूमिका अहम है।

पत्र में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के सामने रही चुनौतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि शिक्षकों की कमी, जर्जर भवन, संसाधनों का अभाव, नकल और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं का शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए। शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई गई, पारदर्शी चयन के माध्यम से नियुक्तियां की गईं तथा शिक्षकों और शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि के साथ शिक्षकों एवं उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने विद्यालयों में डिजिटल क्लासरूम, पुस्तकालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नकल पर प्रभावी रोक लगाने से परीक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल हुआ है और वंचित वर्गों के बच्चों तक शिक्षा की पहुंच बढ़ी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को ज्ञान, कौशल, संस्कार और नवाचार की शक्ति से विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनाने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रो. डिंपल विज से अपने विचारों और अनुभवों के माध्यम से समाज को विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प से जोड़ने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने पत्र के अंत में ज्ञानवान, संस्कारवान, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री का पत्र मिलने से शिक्षा जगत में शिक्षकों की भूमिका और सामाजिक योगदान को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment