नई दिल्ली: 12 / मार्च / 2026 : भारतीय बौद्ध संघ की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और महान समाज सुधारक, महिला शिक्षक सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर मावलंकर हॉल में मंगलवार को सामाजिक समरसता महिला सशक्तीकरण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान भारतीय बौद्ध संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भंते डॉ संघप्रिय राहुल ने महिलाओं के प्रति बढ़ते स्ट्रीट क्राइम और अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए कहा कि जिस तरह सिख धर्म में महिलाओं को कृपाण लेकर चलने की अनुमति है, उसी प्रकार हिंदू महिलाओं व युवतियों को भी अपनी रक्षा के लिए हथियार लेकर चलना होगा। आए दिन सड़कों पर महिलाओं से छेड़खानी, छीनाझपटी, मारपीट हो रही है, उसे देखते हुए यह अब जरूरी हो गया है।

केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन, डेयरी व पंचायती राज मंत्री एसपी सिंह बघेल ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है, इसीलिए उन्होंने हर क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए रखा है। उन्होंने सवाल उठाया कि कई अस्पतालों व नर्सिंग होमों में लिखा देखने को मिलता है कि यहां भ्रूण जांच नहीं होती, मुझे वहीं शक पैदा होता है कि आखिर, यह लिखने की जरूरत क्यों पड़ी? जबकि हमारे समाज में इस तरह की जांच की प्रथा ही नहीं होनी चाहिए। इस तरह की जांच कराकर हम क्या साबित करना चाहते हैं? कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, राज्यसभा सांसद दिनेश चंद अनवाड़िया, पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष कपिल खन्ना, मध्य प्रदेश के सागर से भारतीय जनता पार्टी की सांसद डॉक्टर लता वानखेड़, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लतिका शर्मा, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लाकड़ा ने भी संबोधित किया।

इनके अलावा भारतीय बौद्ध संघ के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ज्ञानचंद गौतम, राष्ट्रीय महामंत्री दिल्ली प्रदेश प्रभारी एडवोकेट सुरेश वर्मा, संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश बुलाकी, दिल्ली प्रदेश बौद्ध संघ के अध्यक्ष एडवोकेट राजेश कुमार, संघ की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रानी झा, संघ के राष्ट्रीय महामंत्री कुलदीप कदल बुजू जी, संघ के कार्यकारी अध्यक्ष मेहर सिंह और संघ की दिल्ली महिला मोर्चा की अध्यक्ष बबली राठौर भी उपस्थित रहीं। कायक्रम में गायक मनजीत मेहरा ने बाबा साहेब पर बने गीतों से उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में दूर दराज से आई 21 महिलाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












