डिबाई : 13 / मार्च / 2026 : जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के अंतर्गत थाना डिबाई पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक गुमशुदा 5 वर्षीय बच्चे को मात्र तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को एक महिला थाना डिबाई पहुंची और सूचना दी कि उसका 5 वर्षीय भतीजा घर के बाहर खेलते समय अचानक कहीं चला गया है और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डिबाई रवि रतन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस टीम का गठन किया और बच्चे की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में लगातार खोजबीन की और अथक प्रयासों के बाद महज तीन घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चे के सकुशल मिलने से परिवार में खुशी का माहौल बन गया।
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी रवि रतन, उपनिरीक्षक विशाल प्रताप, महिला उपनिरीक्षक रिचा वर्मा तथा कांस्टेबल सोनू कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है। जनपद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ऑपरेशन मुस्कान गुमशुदा बच्चों की तलाश और उन्हें सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत पुलिस लगातार सक्रिय होकर ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












