बुगरासी : 14 / मार्च / 2026 : ऊंचा गांव के सरकारी अस्पताल में इलाज न मिलने पर एक महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डाक्टरों ने अस्पताल के गेट को बंद कर रखा था। कई बार दरवाजा खटखटाया भी लेकिन किसी ने गेट नही खोला। जिसके कारण महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डाक्टरों के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। ऊंचा गांव निवासी निर्मला पत्नी शान्ति स्वरूप की तबियत शनिवार को अचानक खराब हो गई थी। परिजन फौरन ऊंचा गांव के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन उस समय अस्पताल में कोई कर्मचारी नहीं था।

परिजनों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। महिला की हालत बिगडती देख परिजन फौरन एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गये लेकिन वहां के डाक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए जिला के सरकारी अस्पताल को रैफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय महिला की रास्ते में ही मौत हो गई। घटना से नाराज़ परिजनों ने डाक्टरों पर अस्पताल से गायब रहने व लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन भी किया। उक्त मामले में जिला चिकित्सा अधिकारी सुनील दोहरे ने बताया कि डाक्टर अस्पताल में ही थे। यदि ऐसा कोई मामला हुआ भी है तो मैं खुद मौके पर जाकर जांच पड़ताल करूंगा और सही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई भी की जायेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












