खाद्य विभाग की छापेमारी में बिस्मिल्लाह होटल पर मिली अनियमितताएं, मीट के नमूने लेकर किया सीज

खुर्जा : 19 / मई / 2026 :  20 मई को खुर्जा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कसेरू रोड मोड़ स्थित बंबा पुल के निकट संचालित बिस्मिल्लाह होटल पर सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई का नेतृत्व एफएसओ संजीत कुमार ने अपनी टीम एवं खुर्जा जंक्शन चौकी पुलिस बल के साथ किया।

जांच के दौरान होटल में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। खाद्य विभाग की टीम को मौके पर कच्चा एवं पका हुआ विभिन्न प्रकार का मीट मिला, जिसके नमूने लेकर जांच हेतु सीज कर दिए गए। अधिकारियों के अनुसार होटल बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। साथ ही खुले में पशु कटान कर मीट तैयार करने एवं बेचने की शिकायतें भी सामने आईं।

 

कार्रवाई के दौरान यह भी पाया गया कि होटल परिसर में साफ-सफाई के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे तथा अग्निशमन सहित अन्य आवश्यक अनुमति पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। मौके पर बाल मजदूरों की मौजूदगी की बात भी सामने आई, जिस पर अधिकारियों ने गंभीरता जताई।

जिला खाद्य अधिकारी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान होटल संचालक की उपस्थिति में सैंपलिंग की गई। खाद्य विभाग की टीम ने होटल संचालक को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक आवश्यक खाद्य लाइसेंस, साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था एवं अन्य मानकों की पूर्ति नहीं होती, तब तक होटल का संचालन न किया जाए। नियमों का पालन न होने पर होटल को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर हिंदू संगठन एवं स्थानीय समाजसेवियों की भीड़ भी एकत्र रही। हिंदू जागरण मंच से मनोज जादौन, प्रशांत कौशिक, रतिपाल सिंह, बजरंग दल से प्रशांत चौधरी, कथावाचक योगेश कौशिक महाराज, प्रवीण चौधरी, राहुल सहित अनेक लोगों ने होटल के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण कर मीट-बिरयानी बेचने वालों को भी विभाग द्वारा चेतावनी दी गई और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment