निषाद पार्टी का प्रदर्शन, चार सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम-एसपी को सौंपा ज्ञापन

बस्ती : 11 / जून / 2026 :  बस्ती में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक निषाद एवं प्रदेश महासचिव दीपू निषाद के नेतृत्व में बुधवार को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। लालबहादुर शास्त्री चौक पर एकत्रित कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में जनहित से जुड़ी समस्याओं के प्रभावी निस्तारण की मांग करते हुए कहा गया कि थाना और पुलिस चौकियों पर जनसमस्याओं को लेकर पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं की बात सुनी जाए तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई।

डीएम और एसपी को संबोधित ज्ञापन में चंदन निषाद हत्याकांड की प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष एवं गहन जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। इसके साथ ही दुबौलिया थाना क्षेत्र के बरदिया लोहार इलाके में संचालित अवैध बालू खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि अवैध खनन के कारण गांव में कटान का खतरा बढ़ गया है और बाढ़ की स्थिति में गांव नदी की मुख्य धारा में समाहित हो सकता है।

पार्टी ने नगर थाना में प्रदेश महासचिव दीपू निषाद के साथ कथित असम्मानजनक व्यवहार एवं अभद्रता का आरोप लगाते हुए संबंधित थाना प्रभारी और करहली चौकी प्रभारी को तत्काल निलंबित कर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों में निषाद पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण और उन्हें उचित सम्मान दिए जाने की भी मांग की गई।

ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष अशोक निषाद और प्रदेश महासचिव दीपू निषाद ने कहा कि पार्टी सरकार में शामिल होने के बावजूद अधिकारी और पुलिस प्रशासन पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की लगातार हो रही उपेक्षा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान मनीषा निषाद, धर्मराज निषाद, ज्ञान प्रकाश निषाद, अनिल कुमार निषाद, मिथलेश कुमार निषाद, जमुना निषाद, धनपत निषाद, अजय कुमार निषाद, प्रभात निषाद, रोहन निषाद, राम सरन निषाद, राम सुमेर निषाद, राम प्रसाद निषाद, अर्जुन निषाद, मोनू निषाद, इन्द्रावती निषाद, रोहिणी निषाद, हरि प्रसाद साहनी, सोहन लाल निषाद, वृजमोहन निषाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment