सुनील पाठक , गोरखपुर
गोरखपुर : 13 / जून / 2026 : एनई रेलवे मजदूर यूनियन के जोनल सेक्रेटरी एवं एआईआरएफ के नेता श्री ओंकार नाथ सिंह के नेतृत्व में यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने पीसीपीओ से मुलाकात कर रेलवे कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ओंकार नाथ सिंह ने बताया कि तीनों मंडलों एवं मुख्यालय में सीबीटी परीक्षा और विभागीय पदोन्नति की प्रक्रिया यूनियन के प्रयासों से संचालित हो रही है, लेकिन कई परीक्षाओं के परिणाम अभी तक लंबित हैं। उन्होंने ग्रुप-डी से ग्रुप-सी मिनिस्ट्रियल स्टाफ की 25 प्रतिशत कोटा परीक्षा तथा मैकेनिकल हेल्पर से तकनीशियन-III पदोन्नति परीक्षा के परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग की।

बैठक में जीडीसीई (GDCE) भर्ती प्रक्रिया के तहत मुख्यालय लेखा विभाग में लेखा सहायक के रिक्त पदों को शामिल करने तथा गार्ड, लोको पायलट और स्टेशन मास्टर जैसे सेफ्टी कैटेगरी के पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की मांग रखी गई। उन्होंने बताया कि लखनऊ मंडल में लोको पायलट के लगभग 400 पद रिक्त हैं, जिन्हें भरना आवश्यक है।
यूनियन ने लखनऊ मंडल में 10 प्रतिशत इंटेक कोटा की वर्ष 2024 में शुरू हुई प्रक्रिया को दो वर्ष बाद भी पूरा न किए जाने पर नाराजगी जताई और इसे शीघ्र पूर्ण करने की मांग की। इसके अलावा गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर लखनऊ मंडल के लगभग 3500 कर्मचारी कार्यरत होने का हवाला देते हुए गोरखपुर बिल सेक्शन में सहायक कार्मिक अधिकारी (APO) की नियमित तैनाती की मांग भी उठाई गई।
बैठक में वाराणसी मंडल की आइसोलेटेड श्रेणियों को एकीकृत कर पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने, यांत्रिक कारखाना गोरखपुर में लगभग 4000 कर्मचारियों के हित में एक हित निरीक्षक की नियुक्ति करने तथा महाप्रबंधक कार्यालय में कार्यरत चौकीदारों की 12 घंटे की ड्यूटी को घटाकर 8 घंटे करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
पीसीपीओ ने सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एनई रेलवे मेंस कांग्रेस (NERMC) के वाराणसी में हुए अधिवेशन की जांच कराने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में विनय कुमार श्रीवास्तव, अतुल सिंह, संजय पांडेय, हरीश यादव, मुकेश मल्ल, इंद्रेश कुमार, आशुतोष श्रीवास्तव, संजय मालवीय, प्रवीण चौधरी, हेमंत शर्मा, विनोद यादव, अहसन इकबाल, अमरेश कुमार, जहांगीर अहमद, राधेश्याम सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










