Home » बुलंदशहर » ज्वेलर्स पर ठगी का आरोप, सोने के बदले तांबे का झुमका देने की शिकायत

ज्वेलर्स पर ठगी का आरोप, सोने के बदले तांबे का झुमका देने की शिकायत

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा : 13 / जून / 2026 : खुर्जा के सुभाष रोड स्थित एक ज्वेलर्स पर ग्राहक के साथ कथित धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि सुनार ने पहले उसके पुत्र से सोने का झुमका कम कीमत में खरीद लिया और बाद में शिकायत करने पर सोने के बदले तांबे का नकली झुमका दे दिया। मामले में पीड़ित ने पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) खुर्जा को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

चंद्रलोक कॉलोनी निवासी हरीशचन्द्र ने बताया कि उनके पुत्र सचिन ने घर से सोने का एक झुमका ले जाकर सुभाष रोड स्थित एक ज्वेलर्स को 22 हजार रुपये में बेच दिया था। घटना की जानकारी होने पर वह ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे और नाबालिग से आभूषण खरीदने का विरोध किया। आरोप है कि इस दौरान दुकानदार ने उनके साथ अभद्रता की तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर भगा दिया।

 

पीड़ित के अनुसार, इसके बाद उन्होंने सवारान चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ज्वेलर्स ने मामले को शांत कराने के लिए वैसा ही दूसरा झुमका बनाकर देने का आश्वासन दिया और करीब दो माह का समय लिया।

हरीशचन्द्र का आरोप है कि ज्वेलर्स द्वारा दिया गया झुमका वह असली समझकर घर ले आए, लेकिन बाद में जरूरत पड़ने पर जब उसे बेचने के लिए अन्य सर्राफा कारोबारियों के पास पहुंचे तो जांच में पता चला कि झुमका सोने का नहीं बल्कि तांबे का है, जिस पर सोने की परत चढ़ाई गई है।

 

पीड़ित ने बताया कि जब वह दोबारा शिकायत लेकर संबंधित ज्वेलर्स के पास पहुंचे तो दुकानदार ने उन्हें पहचानने से ही इंकार कर दिया। इससे आहत होकर उन्होंने सीओ खुर्जा को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने सोने के झुमके अथवा उसकी वास्तविक कीमत दिलाने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment

Latest Video

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This