जहांगीरपुर : 26 / नवंबर / 2026 : जेवर प्रज्ञान पब्लिक स्कूल, जेवर में गुरुवार को तीन दिवसीय वार्षिक स्पोर्ट्स मीट ‘खेलोत्सव’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 26 से 28 नवंबर तक आयोजित इस खेल महोत्सव में विद्यालय के सभी सदनों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेलोत्सव का आयोजन विद्यालय के प्रबंधक डॉ. हरीश कुमार शर्मा एवं प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शर्मा के संरक्षण तथा शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष गजेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में किया जा रहा है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के मुख्य द्वार पर अतिथियों का तिलक लगाकर एवं बैंड की मधुर धुनों के बीच भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से अतिथियों को शॉल पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ और पादप भेंटकर सम्मानित किया गया।
वार्षिक स्पोर्ट्स मीट ‘खेलोत्सव’ का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक डॉ. हरीश कुमार शर्मा, प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शर्मा, कोषाध्यक्ष अमोल कुमार शर्मा, अर्जुन पुरस्कार एवं पद्मश्री से सम्मानित पैरा ओलंपियन तथा विद्यालय के पूर्व छात्र प्रवीण कुमार, अजय कुमार सिंह एसएचओ जेवर, एस.डी. मुदगल खंड शिक्षा अधिकारी जेवर, वीरज कुमार त्रिपाठी अधिशासी अधिकारी जेवर एवं तेजपाल सिंह भाटी पूर्व प्रधानाचार्य सर्वहितकारी इंटर कॉलेज दयानतपुर आदि के द्वारा खेल ज्योति प्रज्ज्वलित करके किया गया। इस अवसर पर मीडिया की ओर से बसंत ठाकुर, गीता ठाकुर, चंचल शर्मा एवं मोहित ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह में विद्यालय के सभी सदनों के विद्यार्थियों ने अनुशासित कदमताल के साथ आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन ने मार्चपास्ट की सलामी ली। इसके पश्चात ‘स्पोर्ट्स फिएस्टा’ के अंतर्गत नन्हे कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को उल्लास और उमंग से भर दिया।
खेल प्रतियोगिताओं में एलकेजी के विद्यार्थियों ने ‘कोन उठाओ दौड़’, यूकेजी ने ‘गेटिंग रेडी फॉर स्कूल’, कक्षा एक ने ‘हिट द टारगेट’ तथा कक्षा दो ने ‘टर्न अराउंड एंड पिक अप द ऑब्जेक्ट’ प्रतियोगिता में भाग लिया। वहीं, बड़े वर्ग में कक्षा नौ के विद्यार्थियों की 50 मीटर शटल रेस और कक्षा 11 के विद्यार्थियों के बीच वॉलीबॉल मुकाबला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। प्रत्येक प्रतिभागी के चेहरे पर जीत से अधिक खेल में भाग लेने की खुशी झलक रही थी।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. हरीश कुमार शर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि चरित्र-निर्माण की पाठशाला हैं। खेल बच्चों में अनुशासन, सहयोग और आत्मविश्वास की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।
मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत, लगन और धैर्य से प्रत्येक लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। खेलों को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए और असफलता से घबराने के बजाय निरंतर अभ्यास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को उभरते हुए खिलाड़ियों से बहुत उम्मीदें हैं।
प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शर्मा ने खिलाड़ियों एवं निर्णायकों को खेल-भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जीत-हार से ऊपर उठकर खेल-भावना को अपनाना ही सच्ची विजय है। सभी विद्यार्थियों को उत्साह, ईमानदारी और अनुशासन के साथ खेलना चाहिए। अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को खेलोत्सव की शुभकामनाएँ दीं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










