Home » उत्तर प्रदेश » भाजपा ने 26 मंडलों में मनाया प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल का उत्सव

भाजपा ने 26 मंडलों में मनाया प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल का उत्सव

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

बस्ती : 18 / जून / 2026 :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4399 दिन का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने जिले के सभी 26 मंडलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान मंदिरों में पूजा-अर्चना, हवन और प्रार्थना सभाएं आयोजित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं राष्ट्र की उन्नति की कामना की गई।

कप्तानगंज स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष गौरव मणि तिवारी ने की। वहीं बस्ती सदर विधानसभा के सांऊघाट मंडल अंतर्गत कडर मंदिर में भी विशेष पूजन-अर्चन और प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लंबा कार्यकाल देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है और विकास तथा जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और हर घर जल जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी सुभाष यदुवंश ने कहा कि मोदी सरकार ने राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प अब जन-जन का संकल्प बन चुका है।
पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने कहा कि सुरक्षा, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और गरीब कल्याण के क्षेत्र में हुए कार्य देश के विकास की नई कहानी लिख रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क और जनजागरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

जिले के सभी मंडलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए समाज के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रमों का समापन प्रसाद वितरण तथा भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।

इस अवसर पर दिलीप पांडेय, अमृत वर्मा, कामेंद्र चौहान, विशुद्धानंद त्रिपाठी, पवन चौधरी, उदयभान, ओमप्रकाश चौधरी, गिरजेश, रामकृपाल, जनार्दन विश्वकर्मा, राजन पांडेय, विनोद शुक्ला, रिंकू पाठक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment