दादरी/अलीगढ़ : 22 / जून / 2026 : दादरी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सफर कर रहा एक 26 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों की शिकायत पर जीआरपी अलीगढ़ जंक्शन ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जीआरपी दादरी चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह के अनुसार, 21 जून 2026 को एटा जिले के थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर निवासी दयाशंकर पुत्र हुकम सिंह ने जीआरपी अलीगढ़ जंक्शन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनका भतीजा करन कुमार (26 वर्ष), पुत्र अनिल कुमार, 19 जून को दादरी स्टेशन से अलीगढ़ के लिए ट्रेन से रवाना हुआ था, लेकिन वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा और तब से उसका कोई पता नहीं चल सका है।

शिकायत के आधार पर थाना जीआरपी अलीगढ़ में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जीआरपी दादरी चौकी के उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार द्वारा की जा रही है।
लापता युवक का हुलिया:
नाम: करन कुमार
उम्र: लगभग 26 वर्ष
रंग: सांवला
कद: लगभग 5 फीट 5 इंच
पहनावा: सफेद शर्ट, ब्लू जींस और सफेद जूते
जीआरपी ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को युवक के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सीयूजी नंबर 9454404420 पर सूचना दें, ताकि युवक को सकुशल तलाशा जा सके। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
![]()
