खुर्जा : 24 / जून / 2026 : बुलंदशहर जनपद के खुर्जा स्थित नवीन फल एवं सब्जी मंडी में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडी सचिव नाहर सिंह को कथित रूप से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद मंडी परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मंडी में आढ़ती का कार्य करने वाले अतुल गुप्ता ने आरोप लगाया था कि मंडी सचिव द्वारा उन्हें नोटिस जारी कर लगातार परेशान किया जा रहा था और मामले में राहत देने के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। लगातार हो रहे कथित शोषण से परेशान होकर अतुल गुप्ता ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की।
शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और मंडी सचिव नाहर सिंह को कथित रूप से रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया। टीम ने उनके कब्जे से एक लाख रुपये बरामद किए हैं।
कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी सचिव को हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पीड़ित आढ़ती अतुल गुप्ता ने बताया कि वह लंबे समय से उत्पीड़न का सामना कर रहे थे, जिसके बाद उन्होंने शिकायत करने का निर्णय लिया। मामले की जांच जारी है।
![]()
