निर्जला एकादशी पर इरोस सम्पूर्णम में छबील सेवा, सैकड़ों लोगों को वितरित किया शीतल जल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट : 25 / जून / 2026 :  निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर इरोस सम्पूर्णम सोसायटी के “सुबह की बैठक” ग्रुप द्वारा सेवा और परोपकार की भावना के साथ छबील सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान सोसायटी के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर राहगीरों, श्रमिकों, सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय लोगों को ठंडा जल व पेय पदार्थ वितरित किए गए।

भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजित इस सेवा अभियान का उद्देश्य लोगों को राहत पहुंचाने के साथ भारतीय संस्कृति में निहित मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। सुबह से ही ग्रुप के सदस्य सेवा कार्य में सक्रिय रहे और बड़ी संख्या में लोगों ने छबील सेवा का लाभ उठाया।

आयोजकों ने बताया कि निर्जला एकादशी का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व विशेष माना जाता है। इस दिन जलदान को अत्यंत पुण्यकारी माना गया है। इसी भावना से प्रेरित होकर ग्रुप के सदस्यों ने सामूहिक रूप से यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया।

सोसायटी के निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा सेवा कार्य में अपना योगदान दिया। आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और समाजसेवा का सुंदर संगम देखने को मिला।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment