खुर्जा (बुलंदशहर) : 30 / जून / 2026 : खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में विद्युत फॉल्ट ठीक करने के दौरान एक संविदा विद्युत कर्मी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। सहकर्मी और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय वाजिद पुत्र निवासी अनूपशहर के रूप में हुई है, जो नगला हरभजन बिजलीघर पर संविदा विद्युत कर्मी के रूप में तैनात था।
जानकारी के अनुसार, जंक्शन क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा के निकट विद्युत पोल पर फॉल्ट की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वाजिद अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद सहकर्मी और स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई। वहीं, हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
![]()
