आकाश नगर कॉलोनी में जर्जर बिजली व्यवस्था पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था का प्रदर्शन का अल्टीमेटम, PVVNL को सौंपा ज्ञापन

गाजियाबाद : 30 / जून / 2026 :  मसूरी क्षेत्र की आकाश नगर कॉलोनी (ग्राम पंचायत रसूलपुर सिकरोड़ा) में जर्जर बिजली व्यवस्था, खुले विद्युत तारों और तिरछे बिजली के पोल से लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। इस गंभीर समस्या को लेकर राष्ट्रीय सैनिक संस्था, गोविंदपुरम मंडल ने मंडल अध्यक्ष लेफ्टिनेंट वेद प्रकाश शर्मा (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में PVVNL के एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर सात दिन के भीतर कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन संस्था के सलाहकार चौधरी जिले सिंह की पहल पर सौंपा गया, जिसे SDC विक्रम सिंह सिसोदिया ने प्राप्त कर रिसीविंग दी। संस्था का कहना है कि कॉलोनी में कई स्थानों पर बिजली के पोल तिरछे हो चुके हैं, जिससे विद्युत तार नीचे झूल रहे हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। बरसात के मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है।

संस्था ने मांग की है कि कॉलोनी की जर्जर एवं खुली बिजली की तारों को हटाकर आधुनिक एबी (AB) केबल लगाई जाए, बढ़ती आबादी के अनुरूप नई एलटी लाइन और ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएं, तिरछे पोलों को तत्काल सीधा कर उनकी नींव मजबूत की जाए तथा शेष विद्युत लाइनों को इंसुलेट कर भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जाए।

मंडल अध्यक्ष लेफ्टिनेंट वेद प्रकाश शर्मा (सेवानिवृत्त) ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और विद्युत सुरक्षा नियमों के अनुसार विभाग की जिम्मेदारी है कि ऐसी खतरनाक व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करे।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो राष्ट्रीय सैनिक संस्था जनहित में धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मीडिया प्रभारी धीरेंद्र त्रिपाठी, शिव कुमार शर्मा, दुष्यंत कुमार, फूल सिंह, फूलवा सहित संस्था के पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment