जहांगीराबाद में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 300 से अधिक वाहनों के चालान

बुलंदशहर : 1 / जुलाई / 2026 :  जहांगीराबाद कोतवाली पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और विभिन्न चौकी क्षेत्रों में व्यापक वाहन चेकिंग की गई, जिसमें करीब 300 वाहनों के चालान किए गए।

मंगलवार शाम को कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार ने पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त कर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान दोपहिया वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने, मॉडिफाइड बाइक का प्रयोग करने, वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने तथा अन्य यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले चालकों के चालान किए गए। पुलिस की सख्ती से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि यह अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया गया। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।
अभियान के दौरान चौकी प्रभारी अजय कुमार, ऋषिपाल सिंह सहित हल्का प्रभारी एवं स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment