गाजियाबाद : 3 / अगस्त / 2026 : गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए सोमवार को प्रवर्तन जोन-03 में प्रभावी कार्रवाई की। मोरटा स्थित एक अनधिकृत निर्माण को सील किया गया, जबकि लोहियानगर में नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-03 के नेतृत्व में मोरटा, मेरठ रोड स्थित खसरा संख्या 1275 के भूखंड संख्या 2 पर किए जा रहे अवैध निर्माण को उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा 28(1) के तहत सील किया गया।

इसके अलावा बी-12, लोहियानगर में संजीव गर्ग द्वारा कराए जा रहे अनधिकृत निर्माण को प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसे प्राधिकरण पुलिस बल की मौजूदगी में नियंत्रित करते हुए अभियान पूरा किया गया।
मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-03 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा।

जीडीए ने स्पष्ट किया कि कार्य रोकने के आदेश के बावजूद निर्माण जारी रखने वालों के खिलाफ उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम की धारा 27 और 28 के तहत सीलिंग व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












