बुलंदशहर : 18 / नवंबर / 2026 : सिकंदराबाद देहात क्षेत्र में कथित अवैध प्लॉटिंग का मामला बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस मामले में IGRS पोर्टल पर अब तक आठ बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 25 मार्च और 1 जुलाई 2026 को जारी निस्तारण आख्या में भी विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत कार्रवाई किए जाने का उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद संबंधित स्थल पर कथित अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब एक ही मामले में आठ बार शिकायत की जा चुकी है तो आखिर शिकायतों का निस्तारण किस आधार पर किया जा रहा है? क्या संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया या फिर केवल कागजी कार्रवाई के आधार पर शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया?
गौरतलब है कि एक ओर विकास प्राधिकरण की ओर से अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर सिकंदराबाद देहात क्षेत्र में लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का मामला विभागीय जवाबदेही पर सवाल खड़े कर रहा है।
इस संबंध में बीकेडीए की उपाध्यक्ष डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि आठ बार शिकायत किए जाने के बावजूद लंबित कार्रवाई का यह मामला उपाध्यक्ष के संज्ञान में आने के बाद कब धरातल पर पहुंचता है और कथित अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कब तक विभागीय कार्रवाई की जाती है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










