शिकारपुर : 18 / नवंबर / 2026 : शिकारपुर नगर के मोहल्ला टीचर्स कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाली एक विवाहिता ने मकान मालिक के बेटे पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने, कपड़े फाड़ने और नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से नाराज पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता सोनम पत्नी रोमपाल ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति राजस्थान में रहकर हलवाई का काम करते हैं और वह अपने बच्चों के साथ शिकारपुर में रहती हैं। वह जुलाई 2026 से राजकुमार के मकान में किराये पर रह रही हैं। आरोप है कि मकान मालिक का पुत्र भारत उन पर गलत नजर रखता है और अकेला पाकर जबरदस्ती करने का प्रयास करता है। पीड़िता के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने उन पर गलत काम करने अथवा मकान खाली करने का दबाव बनाया।
पीड़िता का कहना है कि उन्होंने दो लाख रुपये और उनके पति ने 50 हजार रुपये आरोपी पक्ष को एडवांस के रूप में दिए हैं। रुपये वापस मिलने के बाद ही मकान खाली करने की बात कहने पर आरोपी ने नहाते समय चोरी-छिपे बनाए गए वीडियो को वायरल करने की धमकी दी।
कमरे में घुसकर छेड़छाड़ और बिजली-पानी काटने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे जब वह कमरे में अकेली थीं, तभी आरोपी भारत कमरे में घुस आया और उनके साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ करते हुए कपड़े फाड़ दिए। शोर मचाने पर किसी तरह उन्होंने खुद को बचाया। इसके बाद आरोपी ने उनके कमरे की बिजली और पानी का कनेक्शन भी काट दिया।
पीड़िता के मुताबिक उन्होंने इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 12 नवंबर को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र दिया और थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश देने की मांग की।
वहीं, दूसरे पक्ष भारत से जानकारी करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि सोनम की ओर से तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










