गोरखपुर : 18 / नवंबर / 2026 : आस्था के महापर्व छठ पर जहां हजारों श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे थे, वहीं उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान भी पूरी मुस्तैदी से अपने फर्ज को अंजाम दे रहे थे। इसी दौरान थाना तिवारीपुर के प्रभारी निरीक्षक विकास कुमार सिंह की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और मानवीय संवेदना की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने लोगों का दिल जीत लिया।

डोमिनगढ़ ओवरब्रिज के नीचे राप्ती नदी में छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह अपनी जान की परवाह किए बगैर नदी के बीच पानी में बने पिलर पर खड़े होकर निगरानी करते रहे। पानी के बीच विपरीत परिस्थितियों में खड़े होकर वह श्रद्धालुओं की प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए थे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या अनहोनी की स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।
एक ओर महिलाएं निर्जला व्रत रखकर उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर रही थीं, तो दूसरी ओर उनकी सुरक्षा के लिए एक पुलिस अधिकारी नदी के बीच मुस्तैदी से खड़ा अपनी जिम्मेदारी निभा रहा था। यह दृश्य केवल पुलिस की ड्यूटी नहीं, बल्कि वर्दी के भीतर छिपी सेवा भावना, संवेदनशीलता और मानवता का भी परिचायक बना। श्रद्धालुओं ने थाना प्रभारी की इस तत्परता और समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की।

इसी क्रम में सूर्यकुंड धाम घाट पर भी थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे और श्रद्धालुओं की सहायता करते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाली। छठ महापर्व पर उनकी सक्रियता ने यह संदेश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि लोगों की आस्था, जीवन और सुरक्षा की रक्षा करना भी है।
ऐसे पुलिसकर्मी समाज और इंसानियत के लिए मिसाल बनते हैं।
इस सेवाभाव को देखते हुए थाना तिवारीपुर के थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह की प्रशंसा करते हुए सामाजिक योद्धा मुर्तजा हुसैन रहमानी ने कहा कि आस्था के सामने सिर झुकाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा में खुद पानी के बीच खड़े होकर फर्ज निभाने वाले ऐसे पुलिसकर्मी वास्तव में समाज के विश्वास और इंसानियत की मिसाल बनते हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










