बुलंदशहर : 23 / अगस्त / 2026 : हरिद्वार से आगरा डाक कांवड़ लेकर जा रहे बाइक सवार कांवड़ियों के साथ थाना खुर्जा देहात क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मामन फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कांवड़ियों की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच कांवड़िये घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में पिंटू, अजय, दिव्यांश, सौरभ और अंकित घायल हुए हैं। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए खुर्जा स्थित सूरजमल जटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। इनमें से तीन कांवड़ियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
हादसे से नाराज कांवड़ियों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कांवड़ियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझाते हुए मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद कांवड़िये शांत हुए।
पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल कांवड़ियों को हायर सेंटर रेफर किए जाने के बाद पुलिस उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी जुटा रही है। हादसे को लेकर कांवड़ियों में आक्रोश बना हुआ है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










