Home » उत्तर प्रदेश » 15 साल तक के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर पाबंदी के लिए बने कानून: डॉ. विपिन गुप्ता

15 साल तक के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर पाबंदी के लिए बने कानून: डॉ. विपिन गुप्ता

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

नोएडा  : 23 / अगस्त / 2026 :   अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत मेरठ प्रांत की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को नोएडा महानगर में आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ता अधिकारों, जागरूकता और संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर भी कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत मेरठ प्रांत के अध्यक्ष डॉ. विपिन गुप्ता ने कहा कि यूरोपीय देशों की तर्ज पर भारत में भी 15 वर्ष तक के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर सख्त नियम बनाए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल का इस्तेमाल केवल शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं के लिए करने की अनुमति हो और सोशल मीडिया पर उनके अकाउंट प्रतिबंधित किए जाएं। इस संबंध में संगठन की ओर से भारत सरकार को पत्र भी भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए अभिभावकों और समाज को भी जागरूक होना होगा। संगठन को उम्मीद है कि सरकार इस दिशा में आगामी समय में कानून बनाने पर विचार कर सकती है।

डॉ. विपिन गुप्ता ने कार कंपनियों के सुरक्षा फीचर्स को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शोरूम में ग्राहकों को कार के सामान्य सुरक्षा फीचर्स की जानकारी तो दी जाती है, लेकिन पानी में वाहन फंसने, अचानक आग लगने या सेंट्रल लॉक जाम होने जैसी आपात परिस्थितियों में क्या सावधानी बरती जाए, इसकी पर्याप्त जानकारी नहीं दी जाती।

उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत इस मुद्दे को लेकर अभियान चलाएगा और कार कंपनियों के शोरूम में ग्राहकों को ऐसी आपात परिस्थितियों से निपटने की जानकारी अनिवार्य रूप से दिए जाने की मांग की जाएगी।

बैठक के दौरान संगठन की ओर से सेक्टर-112 निवासी मुखिया अजय यादव को अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत मेरठ प्रांत में रोजगार सह प्रमुख की जिम्मेदारी दिए जाने की घोषणा की गई। इसके अलावा संगठन के पदाधिकारियों ने विभिन्न कार्यकर्ताओं को उनके दायित्व भी सौंपे।

बैठक में प्रांत संगठन मंत्री नरेंद्र शर्मा, प्रांत संगठन मंत्री लाखन सिंह, प्रांत प्रचार मंत्री पवन त्यागी, महिला आयाम प्रमुख सुमन जैन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। नोएडा महानगर अध्यक्ष अजय पांडे, महानगर उपाध्यक्ष अरुण कुमार व ज्ञानेंद्र, सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव, सहसचिव आदित्य नारायण सिंह, प्रभाकर झा, कोषाध्यक्ष अमरजीत यादव, मीडिया प्रभारी आकाश कुमार समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

बैठक में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, शिकायत निवारण की प्रक्रिया की जानकारी देने तथा मेरठ प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment