शिकारपुर : 23 / अगस्त / 2026 : बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र से तीन बार सांसद रहे डॉ. भोला सिंह को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने के बाद उनके प्रथम नगर आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान के नेतृत्व में सांसद के स्वागत के लिए जनपदभर में तैयारियां की जा रही हैं और विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

वहीं, स्वागत की तैयारियों के बीच शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र में लगाए गए होर्डिंग्स को लेकर आम लोगों की परेशानी सामने आई है। नेशनल हाईवे पर नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए बड़े-बड़े होर्डिंग्स के कारण दिशा-निर्देशन के लिए लगाया गया बुलंदशहर विकास प्राधिकरण का आधिकारिक बोर्ड पूरी तरह ढक गया है।
बताया जा रहा है कि होर्डिंग लगाने के लिए जगह नहीं मिलने पर प्राधिकरण के दिशा-सूचक बोर्ड के सामने ही स्वागत संबंधी प्रचार सामग्री लगा दी गई। इसके चलते बोर्ड पर लिखे दिशा-निर्देश राहगीरों को दिखाई नहीं दे रहे हैं।
दिशा-सूचक बोर्ड ढक जाने के कारण शिकारपुर क्षेत्र से गुजरने वाले अनजान वाहन चालकों और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य की दिशा समझने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर दिशा बताने वाले बोर्ड वाहन चालकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में उनके ऊपर या सामने होर्डिंग लगा देना दुर्घटना और भ्रम की स्थिति को बढ़ा सकता है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि दिशा-सूचक बोर्डों को होर्डिंग्स से मुक्त कराया जाए, ताकि हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को किसी तरह की परेशानी न हो।
लोगों का कहना है कि राजनीतिक कार्यक्रम और स्वागत समारोह अपनी जगह हैं, लेकिन इनके लिए सार्वजनिक सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










