ककोड़, बुलंदशहर : 24 / अगस्त / 2026 : कस्बा ककोड़ के मोहल्ला व्यापारियान में पुराने मुकदमे को लेकर समझौते का दबाव बनाने और फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर ककोड़ थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला व्यापारियान निवासी भूरी पत्नी यामीन ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पुराने मुकदमे को लेकर उसे और उसके परिवार पर लगातार समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता के मुताबिक, उसके देवर अनवार के मोबाइल फोन पर 23 जुलाई और 25 जुलाई 2026 को फोन आया।

आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने पुराने मुकदमे में फैसला करने के लिए दबाव बनाया और कथित तौर पर धमकी दी कि यदि मुकदमे में समझौता नहीं किया तो इसका अंजाम गंभीर होगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे और उसके परिवार को जान से नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। तहरीर में धमकी देने के लिए वसीम पुत्र रफीक के मोबाइल फोन का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मोहल्ले का हनीफ पुत्र हबीब भी उस पर पुराने मुकदमे में फैसला करने का दबाव बनाता है और आए दिन अभद्र टिप्पणियां करता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ककोड़ थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर वसीम और हनीफ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ककोड़ थाना प्रभारी सुदेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










