ककोड़, बुलंदशहर : 24 / अगस्त / 2026 : कस्बा झाझर में दुकान पर सामान लेने जा रहे एक युवक के साथ मारपीट और ईंट से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट लगने से वह घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर ककोड़ थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झाझर कस्बा निवासी गुलफाम पुत्र असगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 तारीख की सुबह वह अपने घर से किसी काम के लिए कर्मवीर की दुकान पर सामान लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में झाझर निवासी अजय पुत्र पवन और रोहित पुत्र महेश ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार, जब उसने मारपीट का विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने ईंट उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया। ईंट लगने से उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर पीड़ित के पिता और भाई फुरकान भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
ककोड़ थाना प्रभारी सुदेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अजय और रोहित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में पुलिस कार्रवाई कर रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










