शिकारपुर : 8 / सितम्बर / 2026 : शिकारपुर नगर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने मंगलवार को सघन चेकिंग और पैदल गश्त अभियान चलाया। पुलिस की सक्रियता से जहां आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा, वहीं असामाजिक तत्वों में भी खलबली मची रही।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

अभियान के दौरान पुलिस ने बिना वजह घूम रहे युवकों से पूछताछ की और संदिग्ध वाहनों की जांच की। इसके साथ ही बाजारों में यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए सड़क और मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की।
पैदल गश्त में एसएसआई रविन्द्र कुमार, कस्बा इंचार्ज जितेन्द्र कुमार देशवाल, एसआई गौरव कुमार, एसआई अमित कुमार, पुलिसकर्मी विशाल चौधरी और प्रदीप कुमार सहित कोतवाली का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सतर्क है और पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










