शिकारपुर : 8 / सितम्बर / 2026 : अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सलेमपुर पुलिस ने दो शातिर पशु चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के भैंसे को बेचकर प्राप्त किए गए 28 हजार रुपये नकद, भैंसे के गले की गन्थनी और एक रस्सा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम बड़ौदा बंबे की पुलिया के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरुण चौधरी पुत्र हरेंद्र सिंह निवासी ग्राम सलेमपुर की मड़ैया, थाना सलेमपुर, बुलंदशहर तथा विनय कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी दनकौर मंडी, श्यामनगर, थाना दनकौर, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पशु चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। जांच के दौरान सामने आया कि दोनों ने 31 जुलाई 2026 को थाना सलेमपुर क्षेत्र के ग्राम बड़ौदा से एक भैंसा चोरी किया था। इस मामले में थाना सलेमपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 232/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी किए गए भैंसे को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बिक्री से प्राप्त 28 हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी नितिन कुमार जावला, उपनिरीक्षक महिपाल सिंह, शिवम बालियान, विश्वनाथ शर्मा और भानू प्रताप शामिल रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










