शिकारपुर : 8 / सितम्बर / 2026 : शिकारपुर नगर के उद्योग व्यापार मंडल भारत के पदाधिकारियों ने नगर की यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से बड़े बाजार में आए दिन लगने वाले जाम तथा बेरीना रोड स्थित देशी शराब के ठेके के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
व्यापारियों ने बताया कि बड़े बाजार में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क पर वाहनों की अधिक आवाजाही और अव्यवस्थित यातायात के कारण आम लोगों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों ने बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए स्थायी रूप से दो पुलिसकर्मियों की तैनाती किए जाने की मांग की।

वहीं, बेरीना रोड स्थित देशी शराब के ठेके के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े को लेकर भी व्यापारियों ने चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि उक्त स्थान पर दिन में कम से कम तीन से चार बार पुलिस फैंटम राइडर्स द्वारा गश्त कराई जाए, जिससे असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और आसपास के लोगों को राहत मिल सके।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर पूर्व में भी पुलिस प्रशासन को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन उस समय कुछ दिनों के लिए दो होमगार्डों की ड्यूटी लगाकर खानापूर्ति कर दी गई थी। कुछ समय बाद व्यवस्था दोबारा पुराने ढर्रे पर लौट गई। व्यापारियों ने मांग की कि इस बार समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में उद्योग व्यापार मंडल भारत के विधानसभा अध्यक्ष पुरुषोत्तम वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गर्ग, महामंत्री संजीव तोमर, मोहित शर्मा, दीपक मित्तल और शिवम सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










