खुर्जा : 8 / सितम्बर / 2026 : अवैध निर्माण और बिना मानचित्र स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण (BKDA) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की।
प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के साथ खुर्जा विकास क्षेत्र में अभियान चलाते हुए करीब 13 बीघा भूमि पर की जा रही दो अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही दो अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया। कार्रवाई से अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मच गया।

प्राधिकरण की उपाध्यक्ष डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार के निर्देश पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य कर्मचारियों की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने शिकारपुर रोड स्थित ग्राम बगराई में कार्रवाई शुरू की।
यहां रिंकू शर्मा द्वारा करीब आठ बीघा भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इसी क्षेत्र में रईस, शफीक आदि द्वारा करीब पांच बीघा भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी।

प्राधिकरण की टीम ने दोनों स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से किए गए विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग और निर्माण नहीं करने की चेतावनी भी दी।
इसके अलावा ग्राम मुण्डाखेड़ा स्थित सर्विस रोड पर कल्लन खां पुत्र बाबूदीन द्वारा करीब 130 वर्ग मीटर क्षेत्र में किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया। वहीं, एनएच-34 खुर्जा बाईपास पर शहनाज पत्नी साबिर द्वारा करीब 110 वर्ग मीटर क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।

BKDA अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भूखंड को खरीदने से पहले कॉलोनी और मानचित्र की स्वीकृति की जांच अवश्य करें। बिना स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से लोग आर्थिक नुकसान का शिकार हो सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










