सुनील पाठक , गोरखपुर
गोरखपुर : 8 / सितम्बर / 2026 : गोकुल अतिथि भवन में रविवार को समाजवादी पार्टी व्यापार सभा का मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा प्रदेश अध्यक्ष व्यापार सभा प्रदीप जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सम्मेलन में व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और उनके हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन, महान दानवीर भामाशाह, सहस्रार्जुन और मोदनसेन जी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए संगठन को मजबूती से आवाज उठानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यापारियों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। छोटे, मध्यम और लघु व्यापारियों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलता है और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। ऐसे में व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि विमल जायसवाल ने कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारी रोजगार उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसके बावजूद व्यापारियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने महंगाई, बाजार में उतार-चढ़ाव, ऑनलाइन कारोबार से बढ़ती प्रतिस्पर्धा, जीएसटी की जटिलताओं और अधिकारियों की जांच-पड़ताल समेत व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग मौजूदा परिस्थितियों से परेशान है और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को समर्थन देकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने में भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष अश्वनी जायसवाल उर्फ सूरज ने की, जबकि संचालन विंध्यवासिनी जायसवाल और अमर अग्रहरि ने किया। कार्यक्रम संयोजक एवं व्यापार सभा के प्रदेश सचिव राहुल गुप्ता ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। महानगर अध्यक्ष राहुल अग्रहरि ने मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
सम्मेलन में व्यापार सभा के प्रदेश सचिव विनोद गुप्ता, महाराजगंज जिलाध्यक्ष शोभित जायसवाल, कुशीनगर जिलाध्यक्ष महेंद्र नाथ जायसवाल, देवरिया जिलाध्यक्ष किशोर जायसवाल, जिला महासचिव नीतिश जायसवाल उर्फ निक्कू, महानगर महासचिव अखिलेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, व्यापारी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










