Home » बुलंदशहर » जटिया अस्पताल में दो दिन से एक्सरे मशीन ठप, मरीजों को बाहर जाने की मजबूरी

जटिया अस्पताल में दो दिन से एक्सरे मशीन ठप, मरीजों को बाहर जाने की मजबूरी

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा, बुलंदशहर  : 9 / सितम्बर / 2026 :   श्री सूरजमल जटिया अस्पताल में एक्सरे मशीन खराब होने से मरीजों और उनके तीमारदारों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले दो दिनों से मशीन बंद होने के कारण अस्पताल में एक्सरे कराने पहुंचे मरीजों को निजी सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है।

खासकर इमरजेंसी में चोटिल होकर पहुंचने वाले मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टर द्वारा एक्सरे लिखे जाने के बाद परिजनों को मशीन खराब होने की जानकारी मिलती है। इसके बाद मरीजों को स्ट्रेचर या व्हीलचेयर के सहारे अस्पताल से बाहर स्थित निजी एक्सरे सेंटरों तक ले जाना पड़ता है।

तीमारदारों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में लोग कम खर्च में उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन एक्सरे मशीन खराब होने के चलते उन्हें बाहर पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। एक तीमारदार प्रताप ने बताया कि निजी सेंटर पर एक्सरे के लिए करीब 300 से 400 रुपये तक खर्च हो रहे हैं। गंभीर चोट वाले मरीजों को अस्पताल से बाहर सड़क पार कराकर ले जाना भी काफी मुश्किल होता है।

वहीं, अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि एक्सरे मशीन की खराबी को जल्द दूर कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मरीजों की परेशानी का समाधान कराने का आश्वासन दिया।

मशीन कब तक दुरुस्त होगी, यह स्पष्ट नहीं है। फिलहाल एक्सरे के लिए मरीजों को निजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment