शिकारपुर : 11 / सितम्बर / 2026 : पहासू क्षेत्र में सनातन रक्षा वाहिनी के तत्वावधान में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रिंस हिन्दू विभिन्न सामाजिक और प्रशासनिक मांगों को लेकर अनशन पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रिंस हिन्दू ने संगठन की प्रमुख मांगें रखीं। इनमें जातिगत आरक्षण की व्यवस्था समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने, यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने, एससी-एसटी एक्ट समाप्त करने और सवर्ण समाज के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए सवर्ण आयोग गठित करने की मांग शामिल है।

पांचवें दिन धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और शासन-प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई। इस दौरान ‘मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे भी लगाए गए।
प्रिंस हिन्दू ने प्रशासन पर धरने के लिए अनुमति नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनशन जारी रहेगा।
धरने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम, सीओ, पहासू थानाध्यक्ष सहित आसपास के थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात किया गया है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










