जहांगीराबाद : 11 / सितम्बर / 2026 जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव चाकला में घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला करने और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पुरुषोत्तम पुत्र नौबत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर तीन लोगों पर जानलेवा हमला करने, पत्नी और मां के साथ मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार 7 जून 2026 की शाम करीब साढ़े सात बजे गांव निवासी निरंजन , राजा और बबली उर्फ विमलेश कथित तौर पर लाठी-डंडे और खटका वाला छुरा लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही निरंजन ने छुरे से उस पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान उसकी उंगली कट गई और कमर, सिर व हाथ में चोटें आईं। हमले में घायल होकर वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।
आरोप है कि इसी दौरान राजा ने पीड़ित की पत्नी रीना के पेट में लात मार दी और उसके साथ बदसलूकी करते हुए कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद निरंजन और उसकी पत्नी ने पीड़ित की मां के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की। इसमें उनकी बाजू और पसली में चोट लगने तथा पसली में फ्रैक्चर होने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने बताया कि शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। इसके बाद पड़ोसी कालू ने घायल पुरुषोत्तम, उसकी मां और पत्नी को ई-रिक्शा से थाने पहुंचाया। पुलिस ने घायलों का जहांगीराबाद अस्पताल में उपचार कराया। गंभीर चोटों के चलते पुरुषोत्तम और उसकी मां को बुलंदशहर के हायर सेंटर रेफर किया गया।
पीड़ित के अनुसार उसकी मां का मेडिकल परीक्षण और एक्स-रे कराया गया, जिसमें बाजू और पसली में फ्रैक्चर आने की बात सामने आई। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी का आरोप लगाते हुए एसएसपी से कार्रवाई की मांग की थी।
सीओ अनूपशहर भरत सोनकर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










